वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Pakur हिरणपुर में धूलकण से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, सड़क मरम्मत समेत 5 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

मुख्य बाजार की जर्जर सड़क से उड़ रही धूल ने बढ़ाई परेशानी, सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर उठाई आवाज; डीसी मेघा भारद्वाज ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर मुख्य बाजार में जर्जर सड़क से उड़ रहे धूलकण अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गए हैं। सड़क पर उड़ती धूल से त्रस्त ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सामने आ गया। समस्या के स्थायी समाधान और सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के माध्यम से प्रशासन के समक्ष पांच सूत्री मांगें रखीं।

समाजसेवी चंदन भगत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर हिरणपुर मुख्य बाजार की सड़क की बदहाल स्थिति पर ध्यान आकृष्ट कराया। इस दौरान राणा दे और विकास दास समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य बाजार की सड़क पर वाहनों की आवाजाही के साथ ही धूल का गुबार उठता रहता है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों में धूल जमने से व्यापार प्रभावित हो रहा है, वहीं लगातार धूल के संपर्क में रहने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों ने मुख्य बाजार की सड़क की शीघ्र मरम्मत, धूलकण पर नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने सहित पांच सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि बाजार के आम जनजीवन और कारोबार को भी प्रभावित कर रही है।

इधर, ग्रामीणों की समस्या और मांगों को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कराया जाएगा। डीसी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।

अब सवाल यह है कि वर्षों से धूलकण की समस्या झेल रहे हिरणपुर बाजारवासियों को कब तक राहत मिलती है और सड़क मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग धरातल पर कब कदम उठाता है।

IN TV | सच का आईना

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें