केकेएम कॉलेज और सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, CCTV निगरानी एवं अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया पर दिए आवश्यक निर्देश
पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा के सफल संचालन और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उपायुक्त ने केकेएम कॉलेज एवं डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा कर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर प्रतिनियुक्त केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अब तक परीक्षा का संचालन काफी सुव्यवस्थित पाया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक एवं वीक्षक अपने दायित्वों के प्रति सजग एवं सतर्क हैं। केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील हैं। वहीं, पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की उपस्थिति में अभ्यर्थियों की समुचित जांच (फ्रिस्किंग) भी सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से JTET-2026 के सफल संचालन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने, विधि-व्यवस्था संधारित करने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
मौके पर अपर समाहर्ता श्री जेम्स सुरीन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमित कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
IN TV | सच का आईना







