वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Pakur जेटेट परीक्षा को लेकर पाकुड़ प्रशासन अलर्ट, डीसी मेघा भारद्वाज ने संभाली कमान; 30 केंद्रों पर होगी परीक्षा

 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी परीक्षा, हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर; सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को मिलेगा प्रवेश

पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पूरी तरह कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आगामी 01 नवंबर को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) एवं निर्धारित चेकलिस्ट के अनुरूप परीक्षा केंद्रों पर की गई तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीसीटीवी कैमरों से होगी परीक्षा कक्षों की निगरानी

उपायुक्त ने मॉडल कॉलेज पाकुड़, महिला कॉलेज एवं पीएम श्री मध्य विद्यालय धनुषपूजा स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, डिस्प्ले मॉनिटर, प्रकाश व्यवस्था, परीक्षार्थियों के बैठने की सुविधा एवं आवश्यक साइनेज की उपलब्धता की जांच की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहने चाहिए। कैमरों की कनेक्टिविटी एवं डिस्प्ले मॉनिटर की व्यवस्था भी दुरुस्त होनी चाहिए, ताकि परीक्षा के दौरान प्रत्येक कक्ष की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुनियादी सुविधाओं में कमी बर्दाश्त नहीं

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, पर्याप्त रोशनी एवं अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का दोबारा सत्यापन कर लिया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में मिलेगा प्रवेश

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले प्रत्येक परीक्षार्थी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाए। जैक की ओर से जारी एसओपी एवं चेकलिस्ट के सभी बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जेटेट-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता हर हाल में कायम रहे।

IN TV सच का आईना

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें