दो पालियों में आयोजित परीक्षा के दौरान सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, डीसी दीपक कुमार दूबे ने विभिन्न केंद्रों का किया निरीक्षण
साहिबगंज (Sahibganj): झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 का आयोजन रविवार, 1 नवंबर को साहिबगंज जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक इंतजाम किए गए थे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 11,385 अभ्यर्थियों में से 9,808 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,577 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी तथा तीन उड़नदस्ता दल तैनात किए गए थे। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी।
परीक्षा की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पहली पाली में 7,202 अभ्यर्थी हुए शामिल
प्रथम पाली की परीक्षा के लिए कुल 8,512 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 7,202 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,310 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में 2,606 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
वहीं, द्वितीय पाली में कुल 2,873 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 2,606 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 267 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 9,808 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। जिला प्रशासन की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 22 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
सामूहिक प्रयास से सफल हुआ परीक्षा का आयोजन : उपायुक्त
परीक्षा के सफल, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त संचालन पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल तथा परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के सामूहिक प्रयास, सजगता और जिम्मेदारियों के निर्वहन के कारण जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सका।
IN TV सच का आईना







