उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा— शुद्ध, अद्यतन और प्रमाणिक मतदाता सूची तैयार करने में वालंटियर निभाएंगे अहम भूमिका
पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले मे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को रविन्द्र भवन टाउन हॉल में वालंटियरों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, बीएलओ तथा वालंटियरों ने भाग लिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने बताया कि वालंटियर, बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, डिजिटल प्रक्रिया और अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अंतर है। जहां SSR के तहत नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और संशोधन का कार्य होता है, वहीं SIR के दौरान प्रत्येक मतदाता का व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा ताकि मतदाता सूची पूरी तरह प्रमाणिक और त्रुटिरहित बन सके।
उन्होंने जानकारी दी कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। इसके बाद 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी, जिनका निपटारा 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वालंटियरों को मतदाता सत्यापन प्रक्रिया, प्रपत्रों के संधारण, डिजिटल एंट्री, समयबद्ध कार्य निष्पादन और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। अंत में सभी प्रतिभागियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
Desk Report By IN TV








