वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka कोर्ट को उड़ाने की धमकी से हड़कंप, जज के नाम स्पीड पोस्ट से पहुंचा पत्र; जांच में जुटी पुलिस

दुमका (Dumka): झारखंड  से बड़ी ख़बर सामने आ रही है जहाँ दुमका जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम स्पीड पोस्ट के जरिए एक धमकी भरा पत्र पहुंचा। पत्र में दुमका और गोड्डा व्यवहार न्यायालयों पर हमले की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। दोनों न्यायालय परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि पूरे मामले की जांच कई स्तरों पर शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि धमकी भरा पत्र बांग्ला भाषा में लिखा गया है। पत्र के साथ चंचल राय नामक व्यक्ति का आधार कार्ड भी संलग्न था, जिसमें पता पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दमान जिले का दर्ज है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की ओर से पत्र पुलिस को सौंपे जाने के बाद संबंधित पते का तत्काल सत्यापन कराया गया और पश्चिम बंगाल पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चंचल राय फिलहाल पुलिस की निगरानी में है। पूछताछ के दौरान उसने धमकी भरा पत्र भेजने से साफ इनकार करते हुए दावा किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पहचान और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर उसे फंसाने की कोशिश की है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए दुमका पुलिस की एक विशेष टीम पश्चिम बंगाल रवाना हो चुकी है।
इधर, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने डॉग स्क्वॉड और पुलिस अधिकारियों के साथ दुमका व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय की सुरक्षा पहले से ही संवेदनशील श्रेणी में रहती है, लेकिन धमकी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अब स्पीड पोस्ट के स्रोत, पत्र की लिखावट, आधार कार्ड के इस्तेमाल और पूरे घटनाक्रम की फॉरेंसिक एवं तकनीकी पहलुओं से भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि धमकी के पीछे कौन है, इसका मकसद क्या था और यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू पर सतर्कता के साथ जांच आगे बढ़ा रही है और न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।

Report by मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें