बिना ढके दौड़ रही छाई लदी गाड़ियां, धूल-गुबार से जनजीवन प्रभावित; ओवरलोड बालू वाहनों पर भी भड़के ग्रामीण
पाकुड़ (PAKUR) : जिले में छाई (राख) ढोने वाली गाड़ियों की लापरवाही से आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामला हिरणपुर प्रखंड का है, जहां स्थानीय लोगों ने मिडिया के मध्यम से सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
परेशान ग्रामीणों का क्या कहना है
ग्रामीणों का आरोप है कि छाई लदे वाहन बिना किसी सुरक्षा उपाय के सड़कों पर तेज रफ्तार में चल रहे हैं। इसके चलते रास्ते में छाई गिर रही है और धूलकणों का गुबार उठ रहा है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।
परेशान ग्रामीणों की मांग
लोगों ने मांग की है कि छाई ढोने वाले वाहनों को ढककर परिवहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सड़क पर गिरने वाली राख और धूल से राहत मिल सके।
इधर, क्षेत्र में ओवरलोड बालू लदे बड़ी-बड़ी वाहनों की गाड़ियों के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड परिवहन के कारण सड़कों की हालत जर्जर हो गई है। कई जगहों पर सड़कें टूट चुकी हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं का सबसे ज्यादा असर गरीब और आम वर्ग पर पड़ रहा है, जबकि जिम्मेदार लोग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Report by शमशेर अहमद








