वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka उन्नति का पहिया’ योजना से विद्यार्थियों को मिली रफ्तार, विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने किया निःशुल्क साइकिल वितरण का शुभारंभ

दुमका (Dumka) : झारखण्ड के दुमका जिले के रामगढ़ में ‘उन्नति का पहिया’ योजना का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों के बीच निःशुल्क साइकिल वितरण किया गया। झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित ‘उन्नति का पहिया’ निःशुल्क साइकिल वितरण योजना का शुभारंभ गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर, रामगढ़ में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जामा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरित कर योजना का विधिवत शुभारंभ किया।

इस योजना का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान कर उन्हें शिक्षा से जोड़ना है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों की विद्यालय तक पहुंच आसान होगी, जिससे स्कूलों में उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ने के साथ-साथ ड्रॉपआउट दर में भी कमी आने की उम्मीद है। योजना का संदेश ‘दूर होगी दूरी, सुगम होगी शिक्षा—साइकिल से पंख लगाएगी बाल-शिक्षा’ रखा गया है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विशेष रूप से बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख बाबूलाल मुर्मू, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर कुमार मंडल, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मार्शिला सोरेन, प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं लाभुक विद्यार्थी उपस्थित रहे। साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में योजना को लेकर उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाले बच्चों को काफी सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी।

Report By मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें