वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

SIR-2026 पर साहिबगंज में चुनावी तैयारियां तेज, डीसी ने राजनीतिक दलों को दिया बड़ा टास्क 22 जुलाई को हर बूथ पर होगा मतदाता सूची का महा सत्यापन, त्रुटिरहित वोटर लिस्ट बनाने पर प्रशासन का फोकस

साहिबगंज (Sahibganj): झारखण्ड के साहिबगंज जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने समाहरणालय सभागार में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-1 के साथ अहम बैठक की।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने और उनका डिजिटाइजेशन करने में जुटे हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित और प्रमाणिक बन सके।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि 22 जुलाई को सुबह 11 बजे जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 और ELC सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची के साथ ASDDF सूची का बारीकी से सत्यापन किया जाएगा, जिससे डुप्लीकेट, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपलब्ध और गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने वाले मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अब तक जमा नहीं हुए हैं, उनसे तत्काल संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त किए जाएं। साथ ही बैठक की कार्यवाही (MoM) को निर्धारित समय सीमा के भीतर ECINet पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि “स्वच्छ और विश्वसनीय मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की सबसे बड़ी पहचान है।” उन्होंने अधिकारियों, बीएलओ, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से समन्वय के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों का नियमानुसार निष्पादन हो सके।
बैठक में अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Desk Report By in Tv

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें