GODDA NEWS: झारखंड के गोड्डा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवदांड थाना क्षेत्र के डांगा गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन लोगों—पति, पत्नी और उनके मासूम बच्चे—की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने धारदार हथियार से तीनों पर हमला किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि गांव के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही देवदांड थाना और पोड़ैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है और घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है।
अंधविश्वास से जुड़ रहा मामला!
स्थानीय लोगों के बीच इस हत्याकांड को अंधविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और अभी तक हत्या के असली कारण का खुलासा नहीं हुआ है।
क्या बोले अधिकारी
गोड्डा के डीएसपी अशोक पारदर्शी ने बताया कि, “मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
इलाके में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव में डर और तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
Desk News By In Tv








