दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत सापचाला पंचायत के लखीबाद गांव निवासी 8 वर्षीय जीत यादव गंभीर ट्यूमर से पीड़ित है। उसका इलाज तमिलनाडु के सीएमसी वेलोर में चल रहा है। चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी है, जिसके लिए करीब 8 लाख रुपये की आवश्यकता बताई गई है।
रविवार को जीत के दादाजी परेश महतो ने दलाही चौक पर झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को लिखित आवेदन सौंपकर आर्थिक सहायता की अपील की। आवेदन में बताया गया कि जीत के पिता निर्मल महतो दिहाड़ी मजदूर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वे महंगे इलाज का खर्च उठा सकें। आर्थिक तंगी के कारण बच्चे का इलाज प्रभावित होने की आशंका है।
इस दौरान मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले की जानकारी दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन को भी दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि बच्चे के इलाज के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
परिवार ने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और सक्षम लोगों से भी आगे आकर आर्थिक सहयोग की अपील की है, ताकि मासूम जीत का समय पर इलाज हो सके।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








