बाढ़ के बीच छात्रों के लिए प्रशासन बना सहारा, छात्रावासों में पहुंचाई राहत सामग्री
साहिबगंज में राहत अभियान जारी, अंचल अधिकारी ने तीन छात्रावासों में छात्रों के बीच बांटी खाद्य सामग्री
साहिबगंज (Sahibganj): झारखण्ड के साहिबगंज जिले में बाढ़ की चुनौतीपूर्ण स्थिति के बीच जिला प्रशासन का राहत अभियान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के साथ अब छात्रावासों में रह रहे छात्रों की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
इसी कड़ी में साहिबगंज महाविद्यालय परिसर स्थित आदिवासी कल्याण छात्रावास, अंबेडकर कल्याण छात्रावास एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावास में रह रहे छात्रों के बीच अंचल अधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने खाद्य सामग्री का वितरण किया।
मुश्किल हालात में प्रशासन का भरोसा
बाढ़ के कारण उत्पन्न विषम परिस्थितियों के बीच छात्रों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान प्रशासन की ओर से छात्रों को भरोसा दिलाया गया कि संकट की इस घड़ी में उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और आवश्यकता के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से छात्रावास में रह रहे छात्रों को राहत मिली है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा राहत एवं सहायता कार्यों को लगातार प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
अधिकारी रहे मौजूद
राहत सामग्री वितरण के दौरान अंचल निरीक्षक विकास कुमार बास्की, साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य लगातार जारी हैं और जरूरतमंदों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
Desk Report By in Tv








