वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Sahibganj गंगा का बढ़ा जलस्तर, बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचा प्रशासन

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच साहिबगंज में प्रशासन अलर्ट, बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बांटी राहत सामग्री

साहिबगंज। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की चुनौतीपूर्ण स्थिति को देखते हुए साहिबगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को तेज किया गया है। अधिकारी और कर्मी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जमीनी हालात का जायजा लेने के साथ जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं।

इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द के नेतृत्व में गोपालपुर, पिलर टोला, घीसू टोला, मकई टोला सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बाढ़ की मौजूदा स्थिति, जलस्तर और लोगों की परेशानियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान प्रभावित परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। प्रशासन की टीम ने जरूरतमंद लोगों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। इस दौरान प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया गया कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों को दिए गए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

एसडीओ अमर जॉन आईन्द ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की जरूरतों का त्वरित आकलन किया जाए और राहत सामग्री का वितरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ के कारण किसी भी प्रभावित व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का फोकस प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासनिक सक्रियता से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाढ़ की स्थिति में हर जरूरतमंद परिवार तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है।

Desk Report By in TV 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें