रांची (Ranchi) : झारखण्ड के रांची जिला यूथ मोमिन कॉन्फ्रेंस के तत्वावधान में अंजुमन प्लाजा, मेन रोड, रांची स्थित सभागार में अल्पसंख्यक अधिकार सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता यूथ मोमिन कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय महासचिव अयूब अली ने की।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के प्रदेश अध्यक्ष आबिद अली ने कहा कि, हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार ने कई सराहनीय एवं जनहितकारी कार्य किए हैं, जिसका हम स्वागत करते हैं। किंतु अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे आज भी लंबित हैं। मदरसा शिक्षा बोर्ड का गठन, अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, मौलाना आजाद उर्दू-फारसी विश्वविद्यालय की स्थापना तथा अल्पसंख्यक आयोग एवं अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम को सशक्त बनाने जैसे विषयों पर सरकार को अधिक गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। शिक्षा, संगठन और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता ही समाज की तरक्की का आधार है तथा युवाओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य विधानसभा द्वारा पारित मॉब लिंचिंग निरोधक कानून को शीघ्र लागू कर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाना चाहिए, ताकि सभी नागरिकों की सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव एवं कानून के शासन को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। मोमिन कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद सगीर अंसारी ने कहा कि अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थाओं के संवैधानिक अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थाओं में गठित शासी निकायों को तत्काल निरस्त करने तथा परिषद की कार्यशैली की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। अध्यक्षीय संबोधन में अयूब अली ने युवाओं से शिक्षा, संगठन एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के प्रदेश अध्यक्ष आबिद अली ने वारिस अंसारी को रांची जिला यूथ मोमिन कॉन्फ्रेंस का जिला अध्यक्ष तथा मोहम्मद आरिफ अंसारी को रांची महानगर यूथ मोमिन कॉन्फ्रेंस का महानगर अध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से 11 सूत्रीय प्रस्ताव पारित किए गए। सम्मेलन को रांची जिला मोमिन कॉन्फ्रेंस के जिला अध्यक्ष शमीम अख्तर, खूंटी जिला मोमिन कॉन्फ्रेंस के जिला अध्यक्ष सयूम अंसारी, जाहिद हसन, मोहम्मद इरशाद आलम, आमिर, हैदर अंसारी, अब्दुल रहमान, मोहम्मद हैदर, मोहम्मद वसीम, बेलाल अंसारी, आशिक अंसारी, राज अंसारी, महबूबुल अंसारी, बुड़मू सदर मुस्ताक अंसारी, फिरोज अंसारी, मकसूद अंसारी, नौशाद अंसारी, शाहरुख अंसारी एवं मोइन अंसारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
Report By मुजफ्फर हुसैन








