रांची (Ranchi): झारखंड के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। फर्स्ट ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में अफताब अंसारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया, जबकि फ़िज़ा परवीन, पूर्णिमा उरांव और सिवनी कुमारी ने कांस्य पदक जीतकर झारखंड का मान बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में उनके कोच शकील अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का परिणाम खिलाड़ियों की सफलता के रूप में सामने आया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सिक्किम ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों ने भी बधाई दी। ताइक्वांडो सेक्रेटरी सुमन तमांग, ज्वाइंट सेक्रेटरी विजय गुरूंग और टेक्निकल डायरेक्टर रौशन राय ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों और कोच के सम्मान में पिठोरिया थाना में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी सतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सत्यदेव प्रसाद एवं संतोष यादव ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित करेगी। समारोह में मौजूद लोगों ने भी खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में और अधिक सफलता की कामना की।
इस संबंध में जानकारी रांची डिस्ट्रिक्ट यूनाइटेड ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद जमील अंसारी ने दी।
Report By मुजफ्फर हुसैन








