रांची (RANCHI): झारखण्ड के रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में नशा मुक्त झारखंड के संकल्प के साथ राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम में कहा गया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करता है। लोगों को नशे की लत से बचाना और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन की ओर प्रेरित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
सरकार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत जागरूकता वाहन राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नशा मुक्ति का संदेश देंगे।
सरकार का मानना है कि जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही नशा मुक्त झारखंड के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Desk Report By IN TV








