रांची (Ranchi):- झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय यादव से छात्रों, विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर राज्य में जेपीएससी परीक्षा में कथित पेपर लीक, शिक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार, युवाओं के भविष्य तथा छात्रों की विभिन्न मांगों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के अभाव से राज्य के छात्र-युवा मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं किया गया, तो युवाओं का सरकारी संस्थाओं और भर्ती प्रक्रियाओं पर विश्वास कमजोर होगा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जेपीएससी पेपर लीक प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उद्योग मंत्री संजय यादव ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि सरकार छात्रों एवं युवाओं के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों एवं सुझावों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा संबंधित विभागों से आवश्यक विचार-विमर्श कर सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और शिक्षा एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे
प्रतिनिधिमंडल में लोक सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद, सीपीआई के नेता अजय कुमार, सीपीएम के नेता प्रफुल्ल लिंडा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता इरफान अंसारी, देवेंद्र , एसएफआई छात्र नेता एहतेशाम परवीन, दानिश खान सहित विभिन्न छात्र एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Report By मुजफ्फर हुसैन








