वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Ranchi नेवरी चौक पर प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने खुदाई रुकवाई

2016 की ग्राम सभा के निर्णय का हवाला देकर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, अशोक स्तंभ स्थापित करने की उठाई मांग

रांची (Ranchi): झारखण्ड के रांची जिला के कांके प्रखंड अंतर्गत नेवरी चौक पर प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। प्रतिमा स्थापना के लिए जेसीबी मशीन से की जा रही खुदाई का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध करते हुए कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि चौक का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण वर्ष 2016 में आयोजित ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों के अनुसार, नेवरी चौक पर बिना पूर्व सूचना के जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार्य का उद्देश्य पूछा। ग्रामीणों का दावा है कि उन्हें बताया गया कि उक्त स्थल पर दिशोम गुरु जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की तैयारी के तहत खुदाई की जा रही है। इस जानकारी के बाद ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए तत्काल खुदाई का कार्य रुकवा दिया। उनका कहना है कि इस स्थल से संबंधित निर्णय पहले ही ग्राम सभा में लिया जा चुका है और उसी के अनुरूप निर्माण कार्य होना चाहिए। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2016 में आयोजित ग्राम सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि उक्त स्थल का नाम “नेवरी चौक, नेवरी” रहेगा तथा वहां किसी अन्य प्रतिमा के स्थान पर अशोक स्तंभ स्थापित किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों को उसी निर्णय का पालन करना चाहिए।

प्रखंड कार्यालय में हुई प्रशासन और ग्रामीणों की वार्ता

घटना के अगले दिन कांके प्रखंड प्रशासन की ओर से नेवरी पंचायत के मुखिया को वार्ता के लिए बुलाया गया। इसके बाद मुखिया अपने प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारी (सीओ) की उपस्थिति में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विस्तृत वार्ता हुई। बैठक में ग्रामीणों ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि वर्ष 2016 की ग्राम सभा के सर्वसम्मत निर्णय के अनुरूप ही चौक का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाए। वार्ता के उपरांत ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम सभा के पारित प्रस्ताव का सम्मान करते हुए उसी के अनुरूप निर्माण कार्य कराने तथा किसी भी प्रकार के परिवर्तन से पूर्व ग्राम सभा एवं स्थानीय लोगों की सहमति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

वार्ता एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान नेवरी पंचायत के मुखिया साधो उरांव, उप-मुखिया मजहर अंसारी, पंचायत समिति सदस्य संदीप, वार्ड सदस्य मुकेश कुमार, सदर जाकिर, पूर्व उप-मुखिया नसीम अंसारी, प्रवीण ठाकुर, पेशावर अंसारी, द्वारका ठाकुर, कामेश्वर महतो, शालिग्राम महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Report By मुजफ्फर हुसैन

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें