पाकुड़ (Pakur): झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को लेकर पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। रविवार, 19 जुलाई को होने वाली परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस केंद्र, पाकुड़ में सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (IPS) के निर्देश पर आयोजित इस ब्रीफिंग में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट संदेश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्रीफिंग में निर्देश दिया गया कि सभी पुलिसकर्मी सुबह 6 बजे से पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर हर हाल में पहुंचें। फ्रिस्किंग के दौरान JSSC की एजेंसी को पूरा सहयोग देने, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने और परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
इसके अलावा गश्ती दल को निर्देशित किया गया कि परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएं और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं एवं अन्य परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रूप से कोषागार/वज्रगृह तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी पूरी सतर्कता के साथ निभाएं।
पाकुड़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी सुरक्षा बल तब तक परीक्षा केंद्र नहीं छोड़ेंगे, जब तक परीक्षा सामग्री पूरी सुरक्षा के साथ कोषागार के लिए रवाना नहीं हो जाती।
प्रशासन का संदेश साफ है—परीक्षा में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। सुरक्षा, अनुशासन और निष्पक्षता के बीच ही परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
Desk Report By in Tv








