पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ मे अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही पाकुड़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी तेज़ कार्रवाई का दम दिखाया है। शराब की कम्पोजिट दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, महेशपुर थाना क्षेत्र के सिलमपुर निवासी जितेश कुमार सिंह उर्फ मोनू ने हिरणपुर थाना क्षेत्र के मंझलाडीह (सीतपहाड़ी) स्थित अपनी शराब की कम्पोजिट दुकान में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही हिरणपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मानवीय सूचना और त्वरित छापेमारी के दम पर सिर्फ 12 घंटे के अंदर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने श्रवण कुमार साव उर्फ श्रवण कुमार साहा (21 वर्ष), निवासी देवपुर, थाना हिरणपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी के 10 हजार रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हिरणपुर थाना प्रभारी एवं एसआईटी की टीम की अहम भूमिका रही। एक बार फिर पाकुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अपराध कर बच निकलना आसान नहीं होगा।
Desk Report by in Tv









