वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Pakur पृथ्वीनगर में भीषण अग्निकांड, लाखों की संपत्ति स्वाहा, अधिवक्ता हक साहब समेत परिवार के कई सदस्य अस्पताल में भर्ती

पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड के पृथ्वीनगर गांव में शनिवार देर रात हुई एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना ने चार परिवारों की जिंदगी पलभर में बदल दी। रात करीब एक बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।घर के अंदर सो रहे सभी लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वर्षों की मेहनत से जुटाई गई उनकी सारी पूंजी आग की लपटों में स्वाहा हो गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक घर में रखा फर्नीचर, गोदरेज, बिस्तर, छप्पर की खाट, पंखे, बर्तन, कपड़े, बच्चों की किताबें, नकदी, आभूषण और रोजमर्रा की जरूरत का हर सामान जलकर राख हो चुका था।पीड़ित परिवार के अनुसार, एक ही मकान में अनारुल हक, उनके पुत्र मकसद आलम, महमूद शेख और युवा अधिवक्ता हक साहब अपने-अपने परिवार के साथ रहते थे। आग इतनी भयावह थी कि अब उनके पास तन पर पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। अनुमान है कि प्रत्येक परिवार को लगभग 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पूरा घर और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

इस हादसे में युवा अधिवक्ता हक साहब भी झुलस गए। उन्होंने बताया कि आग और धुएं की चपेट में आने से उनके शरीर पर जलने के निशान हैं तथा धुआं शरीर के भीतर चले जाने के कारण उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें सोनाजोड़ी स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके साथ उनके भतीजे और भतीजी का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परिवार बेहद गरीब है और मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपना जीवन-यापन करता है। इस भीषण हादसे ने इन परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया है। गांव में घटना के बाद शोक और मायूसी का माहौल है तथा लोग पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील कर रहे हैं।पीड़ित अधिवक्ता हक साहब ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे दोबारा अपने जीवन की नई शुरुआत कर सकें।

Report by यासिर आराफत

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें