पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी पंचायत स्थित एक बंद पत्थर खदान में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 19 वर्षीय युवक मोहम्मद इमरान अंसारी की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान सोनाजोड़ी पंचायत के नयापाड़ा निवासी हारुन अंसारी के पुत्र मोहम्मद इमरान अंसारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि इमरान अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव से करीब 150 मीटर दूर स्थित एक बंद पत्थर खदान में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा।
इमरान को बचाने की कोशिश नाकाम रही तो उसके साथ मौजूद युवकों ने गांव पहुंचकर लोगों को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पाकर पंचायत के पूर्व मुखिया सफीक अंसारी भी मौके पर पहुंचे और नगर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से खदान में तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे तक चले खोज अभियान के बाद इमरान को पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। इमरान अपने दो भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिजनों के अनुसार, कुछ ही दिन पहले उसकी बहन की शादी हुई थी और परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने उन खुशियों को मातम में बदल दिया।
फिलहाल नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर बंद पड़े पत्थर खदानों में जमा गहरे पानी और सुरक्षा उपायों की कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने ऐसे खतरनाक खदानों की घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Desk Report By IN TV








