पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले के आमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के डूमरचीर जेटकाटोला में 21 वर्षीय विवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मारुति मरांडी के रूप में हुई है। उसका शव घर के अंदर बिस्तर पर खून से लथपथ अवस्था में मिला, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही आमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मृतका की मां मरांगमाई हेंब्रम ने बताया कि मारुति उनकी इकलौती बेटी थी और उनके साथ ही रहती थी। शुक्रवार सुबह जब वह घर के अंदर पहुंचीं तो बेटी खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी मिली। यह भयावह दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
Desk Report by in Tv








