पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र मे शामपुर गांव के एक महिला की कुल्हाड़ी से हत्या मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त खून लगा कुल्हाड़ी भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम शामपुर में एक महिला की कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 43/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी हथीया हेम्ब्रम (55 वर्ष), निवासी शामपुर, थाना लिट्टीपाड़ा, जिला पाकुड़ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा कुल्हाड़ी भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, अनिल कुमार पंडित, मोतिलाला मिश्रा, विजय कुमार मंडल, तकनीकी शाखा तथा लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही।
Desk Report by in Tv








