पाकुड़ (Pakur। ) झारखण्ड के पाकुड़ जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में पुलिस ने गांजा की कथित खरीद-बिक्री की सूचना पर छापेमारी कर 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक 65 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके घर/दुकान से गांजा के अलावा नकदी, तराजू, चिलम और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को फतेहपुर गांव में मंजूर शेख के घर/दुकान से गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की कथित खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन और तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (IPS) के निर्देश पर SDPO कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया गया।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में घर की तलाशी
SIT दंडाधिकारी के साथ फतेहपुर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मौके पर नशीले पदार्थ की कथित खरीद-बिक्री से जुड़ी गतिविधि पाए जाने के बाद मंजूर शेख को पकड़ा गया। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में उसके घर की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 1200 ग्राम गांजा और 2,640 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा एक लोहे एवं स्टील का तराजू, प्लास्टिक पन्नी का एक बंडल, तीन गांजा पीने वाली चिलम, एक लाइटर, एक लोहे की कैंची, एक स्टील की कैंची तथा करीब 90 ग्राम पॉलीथीन बैग बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
NDPS Act के तहत केस दर्ज
इस मामले में पाकुड़ (मुफ्फसिल) थाना कांड संख्या 132/26, दिनांक 17 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS Act, 1985 की धारा 20(b)(ii)(B)/22(b) के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजूर शेख (करीब 65 वर्ष), पिता स्वर्गीय शाम मोहम्मद शेख, निवासी फतेहपुर, थाना मुफ्फसिल, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
मुर्शिदाबाद के दूसरे आरोपी की तलाश
पुलिस के अनुसार, मामले में साहेब शेख, निवासी भसाईपाईकर, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल की भी संलिप्तता सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
SIT में ये अधिकारी रहे शामिल
पूरी कार्रवाई SDPO कुमार गौरव के नेतृत्व में की गई। टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, पु०अ०नि० गौरीशंकर प्रसाद, पु०अ०नि० रविन्द्र सिंह, स०अ०नि० यशवन्त कुशवाहा सहित मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से फतेहपुर क्षेत्र में मादक पदार्थों की कथित खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज होने के संकेत मिले हैं। अब पुलिस की नजर मामले में फरार बताए जा रहे दूसरे आरोपी की गिरफ़्तारी और पुरे नेटवर्क की जाँच पर है
Desk Report By in Tv








