नशा मुक्ति में हर नागरिक की भूमिका जरूरी – डॉ. शाहीन कौसर
राँची (Ranchi): झारखण्ड के रांची मे जेड.ए. रॉयल एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा संयुक्त रूप से समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने तथा युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों एवं नारों के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉक्टर शाहीन कौसर ने कहा कि, नशा-मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। हमारा प्रयास उन परिवारों में पुनः खुशियां लौटाना है, जिन्होंने नशे के कारण अपने प्रियजनों को खोया है या गंभीर कठिनाइयों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में संस्थान की प्राचार्या विनिशा टी. बांसरियर, ज्योति ग्लोरिया मुंडू, उप-प्राचार्य विक्रम मजुमदार, नीमा, सुनीता कुमारी, अलका, शोएब अख्तर, जेनिफर, सुनीता हेंब्रम, अजय कुमार, सादिक अंसारी, आदित्य सहित संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Report By मुजफ्फर हुसैन








