वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Motihari पूर्वी चम्पारण में खाद की कालाबाजारी पर डीएम सख्त, दोषी विक्रेताओं पर होगी एफआईआर

मोतिहारी (Motihari): बिहार के मोतिहारी मे खरीफ मौसम 2026 में किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर पूर्वी चम्पारण जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स एवं थोक उर्वरक विक्रेताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि जिले में वर्तमान में 17,653.176 मीट्रिक टन यूरिया, 7,192.975 मीट्रिक टन डीएपी और 2,080.465 मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि वे खुदरा विक्रेताओं को भी निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान द्वारा उर्वरक की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिली, तो संबंधित थोक विक्रेता को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों और प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, उर्वरक बिक्री की निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित कृषि अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
बैठक में किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र किसानों का फार्मर आईडी शीघ्र तैयार कराया जाए, ताकि भविष्य में मिलने वाली सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ कोई भी किसान पाने से वंचित न रहे।
बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण), सहायक निदेशक (उद्यान), जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सहायक निदेशक गन्ना विभाग, सभी अनुमंडल एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।

Desk Report By in Tv

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें