मोतिहारी (Motihari): बिहार जिले के पूर्वी चम्पारण मे बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए शनिवार को अपने 100वें बैच को निशुल्क हृदय शल्य चिकित्सा के लिए अहमदाबाद रवाना किया। इस ऐतिहासिक बैच में पूर्वी चंपारण जिले के दो बाल हृदय रोगी—रक्सौल की शिवानी कुमारी और केसरिया के शुभम पाल—को उनके परिजनों के साथ उपचार के लिए भेजा गया।
सुबह 7 बजे सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने दोनों बच्चों को एंबुलेंस के माध्यम से राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरताज आलम भी भेजे गए, ताकि यात्रा के दौरान बच्चों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता मिल सके। 
सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के माध्यम से पूर्वी चंपारण जिले के 172 बच्चों की सफल हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो महंगे इलाज का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं होते।
आरबीएसके जिला समन्वयक डॉ. शशि मिश्रा ने बताया कि राज्य स्तर पर 100वें बैच में शामिल बिहार के 32 बाल हृदय रोगियों को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा पटना से रवाना किया जाएगा। इसके बाद सभी बच्चों और उनके अभिभावकों को बिहार सरकार के खर्च पर विमान से Shri Sathya Sai Heart Hospital, अहमदाबाद भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में बच्चों की हृदय सर्जरी, दवा, जांच, आवास और भोजन सहित उपचार से जुड़ी सभी सुविधाओं का खर्च बिहार सरकार वहन करेगी, जिससे अभिभावकों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
इस अवसर पर डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. शशि मिश्रा, डॉ. सरताज आलम, प्रमोद कुमार एवं जौवाद हुसैन सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Desk Report By IN TV








