बिरनी (Giridih): झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के कर्री गांव में हाथियों के हमले में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रामचंद्र यादव (55) के रूप में हुई है। बताया गया कि वे रविवार देर रात सरिया से मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। गांव से करीब 400 मीटर पहले हाथियों के झुंड ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद बिरनी प्रमुख रामु बैठा मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उनका कहना था कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है और अब स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा ने भी परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने वन विभाग से हाथियों के प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
इधर ग्रामीणों ने हाथियों के आवागमन वाले रास्तों पर स्ट्रीट लाइट लगाने, वन विभाग की नियमित गश्ती कराने और स्थायी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों के हमले हो रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
Report by रविन्द्र पाण्डेय








