पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब देश के चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई। हमले में कोचिंग सेंटर का एक सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया, जबकि इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने कोचिंग परिसर के बाहर हंगामा करते हुए फायरिंग की और तोड़फोड़ भी की। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना स्थल पर पहुंचे SP और SSP पहुंचे , CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना एसपी ने बताया कि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल सिक्योरिटी गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
खान सर बोले- ‘हमलावरों की पहचान हो चुकी, हमें सुरक्षा चाहिए’
घटना की जानकारी मिलते ही खान सर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमलावरों ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की और बाहर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है तथा सिक्योरिटी गार्ड ने कुछ हमलावरों की पहचान भी कर ली है।
खान सर ने कहा कि लगातार इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और प्रशासन को संस्थान की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
पहले भी निशाने पर रहा है कोचिंग संस्थान
गौरतलब है कि यह पहला हमला नहीं है। इससे पहले वर्ष 2019 में भी खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने देसी बम फेंके थे। उस घटना में संस्थान के कार्यालय और एक छात्र की स्कूटी को नुकसान पहुंचा था। हालांकि तब कोई हताहत नहीं हुआ था।
जांच जारी, हमलावरों की तलाश तेज
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन फायरिंग और तोड़फोड़ के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
Desk Report By IN TV








