पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले मे महेशपुर प्रखंड के युवा पत्रकार रमेश ठाकुर के आकस्मिक निधन से जिले के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित सूचना भवन सभागार में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी गई।
शोकसभा में प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी, एसएमपीओ पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय रमेश ठाकुर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
प्रभारी डीपीआरओ अमरेंद्र चौधरी ने कहा कि युवा पत्रकार के असामयिक निधन से सभी मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि रमेश ठाकुर पिछले करीब 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और अपने मिलनसार स्वभाव व मधुर व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इसके बाद पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल रमेश ठाकुर के आवास पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। पत्रकारों ने परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
रमेश ठाकुर के निधन से पत्रकारिता जगत ने एक युवा और मिलनसार साथी को खो दिया।
Desk Report by in Tv








