वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के तहत छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता की दी गई जानकारी

दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के मसलिया मे स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के तहत बुधवार को राजकीयकृत माध्यमिक विद्यालय, गोलबंधा में किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी सही जानकारी देना, भ्रांतियों को दूर करना तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था। सत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी अजीता स्वाति तिर्की एवं एएनएम मोनिका टुडू ने कक्षा 6 से 10 तक की छात्राओं को मासिक धर्म की प्राकृतिक प्रक्रिया, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, संक्रमण से बचाव तथा सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग और उचित निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि किशोरियों एवं महिलाओं के जीवन की एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है। इस दौरान छात्राओं को साफ-सफाई बनाए रखने, समय-समय पर सैनिटरी पैड बदलने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर बिना झिझक स्वास्थ्यकर्मी या चिकित्सक से सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी खुलकर अपने सवाल पूछे, जिनका स्वास्थ्यकर्मियों ने सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया। वक्ताओं ने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता से ही मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों को दूर किया जा सकता है तथा किशोरियों का स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार टुडू ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 10 तक की सभी बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Report by मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें