पाकुड़ (PAKUR): नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलापाड़ा एवं कालिदासपुर इलाके में अवैध कोयला भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष छापामारी दल द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्रों में अवैध रूप से कोयला का भंडारण कर साइकिल के माध्यम से उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने मंगलापाड़ा क्षेत्र में छापेमारी की, जहां कुछ लोग साइकिल से कोयला उतारते पाए गए। पुलिस को देखते ही कई व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि तीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दुर्योधन साहा (51 वर्ष), जोटा घोष (35 वर्ष) एवं श्यामलाल साहा (42 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना क्षेत्र के बागडाबड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा कोयला संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। मौके से करीब 09 क्विंटल अवैध कोयला, 06 साइकिल एवं एक वजन मशीन बरामद कर जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में अवैध कोयला चोरी एवं परिवहन का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Report by शमशेर अहमद








