वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka में जमीन विवाद पर हाईवोल्टेज ड्रामा: बंदोबस्त अधिकारी को चैंबर से निकाल आयुक्त कार्यालय ले गई भीड़, तीन महिलाएं हिरासत में

दुमका (Dumka): संथाल परगना बंदोबस्त कार्यालय मंगलवार को उस समय विवाद और हंगामे का केंद्र बन गया, जब जमीन विवाद से नाराज ग्रामीणों ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी मनोज कुमार को उनके कार्यालय से बाहर निकालकर सीधे प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचा दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए।

जानकारी के अनुसार, गोड्डा जिले के तेतरिया गांव की रहने वाली सुकरी देवी अपने समर्थकों के साथ दुमका पहुंची थीं। उनका आरोप है कि गांव में चल रहे भूमि विवाद मामले में उनके पक्ष के साक्ष्यों और दस्तावेजों की अनदेखी करते हुए सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी ने विपक्षी पक्ष के पक्ष में फैसला सुनाया है। इसी आरोप को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और विरोध-प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आक्रोशित लोगों ने मनोज कुमार को उनके चैंबर से बाहर निकालकर लगभग 300 मीटर दूर स्थित प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय तक ले गए। वहां आयुक्त की अनुपस्थिति में उनके सचिव अमित कुमार के समक्ष पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई गई और निर्णय की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की गई।

स्थिति को बिगड़ता देख आयुक्त सचिव ने तत्काल नगर थाना प्रभारी अशोक राम और एसडीपीओ को बुलाया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों की बात सुनी गई। सचिव ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को मामले से जुड़े सभी अभिलेख, आदेश और दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जबकि शिकायतकर्ता पक्ष को आयुक्त के नाम विस्तृत आवेदन देने को कहा गया।

पुलिस एक्शन में, तीन महिलाएं हिरासत में

घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुकरी देवी, उनकी बेटी डोली कुमारी समेत तीन महिलाओं को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि महिलाएं आयुक्त के नाम आवेदन टाइप कराने के लिए कोर्ट परिसर की ओर जा रही थीं, तभी नगर थाना पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया।

नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, एक सरकारी अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भी भेजा जा सकता है।

पुराना है विवाद, अब आयुक्त स्तर तक पहुंचा मामला

बताया जा रहा है कि तेतरिया गांव में भूमि स्वामित्व को लेकर सुकरी देवी और उदय कृष्ण सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला बंदोबस्त न्यायालय तक पहुंच चुका है और हालिया निर्णय के बाद विवाद और गहरा गया। अब यह मामला प्रमंडलीय आयुक्त स्तर तक पहुंच गया है, जहां दोनों पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय हैं।

फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर सभी तथ्यों की समीक्षा की जाएगी और न्यायसंगत निर्णय सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, इस घटना ने सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा और विवादित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Report By मौशम कुमार गुप्ता

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें