गिरिडीह (Giridih): झारखण्ड के गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की हत्या के सनसनीखेज मामले का गिरिडीह पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हत्या के आरोप में मृतका के पति मुमताज शेख (19) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा और मृतका की गुलाबी चप्पल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 5 जुलाई को हरकट्टा नाला से एक महिला का शव बरामद होने के बाद पीरटांड़ थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पुलिस जल्द ही आरोपी पति तक पहुंच गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि करीब एक महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य युवक से बातचीत करने का शक था। इसी शक को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना वाले दिन आरोपी अपनी पत्नी को बाइक से हरकट्टा नाला ले गया और दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को नाले में फेंक दिया और घर लौटकर ऐसे व्यवहार करता रहा, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा और मृतका की चप्पल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज 12 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश हो गया।
Report by नफीस अज़हर








