गोड्डा (Godda): जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरनी मोड़ स्थित एक धान दुकान पर रविवार को अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लू रंग की TVS अपाची बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी अचानक दुकान पर पहुंचे और ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
एक कर्मी घायल
फायरिंग के दौरान दुकान में मौजूद एक कर्मी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरी गोली दुकान के काउंटर पर जा लगी। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। महगामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 इलाके में दहशत
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
Report by शमशेर अहमद








