दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के मसलिया प्रखंड क्षेत्र के कठलिया पंचायत अंतर्गत सीतासाल गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच एक गरीब परिवार का मिट्टी का घर गिर गया। घर गिरने से परिवार के सामने रहने के साथ-साथ घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित छतीस हेम्ब्रम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी अजफर हसनैन को आवेदन देकर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, बुधवार की रात जर्जर मिट्टी का घर अचानक गिर गया। घर की दीवारें पहले से ही कमजोर थीं और लगातार बारिश के कारण मिट्टी गलने से स्थिति और खराब हो गई थी। घर का एक हिस्सा गिरने से उसमें रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित के अनुसार, हादसे में आठ सुअरों की दब कर मौत हो गई वहीं एक साइकिल, 50 किलो चावल, करीब तीन क्विंटल धान समेत अन्य सामान बर्बाद हो गया।
पीड़ित ने बताया कि घर गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपने स्तर से घर का निर्माण कराने में असमर्थ है। बारिश के इस मौसम में परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छतीस हेम्ब्रम ने बीडीओ से मामले की जांच कराकर तत्काल राहत उपलब्ध कराने तथा आवास योजना के तहत लाभ दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बारिश को देखते हुए प्रभावित परिवार का जल्द सर्वे कराकर आवश्यक सहायता और आवास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Report by मौसम कुमार गुप्ता








