दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के मसलिया प्रखंड अंतर्गत सापचाला लखीबाद पंचायत निवासी दिहाड़ी मजदूर निर्मल महतो का आठ वर्षीय इकलौता पुत्र जीत यादव ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। वर्तमान में उसका इलाज तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित सीएमसी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों ने जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी है, जिस पर पांच लाख रुपये से अधिक खर्च आने का अनुमान है।
निर्मल महतो ने बताया कि 22 मई को बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे आसनसोल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक इलाज के बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन 24 जून को तबीयत फिर खराब हो गई। इसके बाद उसे हवाई मार्ग से वेल्लोर ले जाया गया, जहां जांच में ब्रेन ट्यूमर की पुष्टि हुई।
दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले निर्मल महतो ने कहा कि इतनी बड़ी राशि का इंतजाम कर पाना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने बेटे के इलाज के लिए जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी सहायता योजना के तहत ऐसे मरीजों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए अस्पताल से उपचार व्यय का अनुमानित बिल एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में आवेदन करना होगा।
Report By मौशम कुमार गुप्ता








