वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka बिजली विभाग की लापरवाही ने ली बेजुबान की जान! करंट से भैंस की मौत, लाखों का नुकसान

पुराना दुमका में महीनों से जमीन पर पड़े हैं बिजली के तार, शिकायत के बाद भी नहीं जागा विभाग; लोगों में भारी आक्रोश

दुमका (Dumka): झारखण्ड उपराजधानी दुमका के पुराना दुमका इलाके में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक बेजुबान जानवर की जान ले ली। शनिवार को खुले और टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से कपिल देव यादव की दुधारू भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस इलाके में हादसा हुआ, वहां लंबे समय से बिजली के पोल नहीं लगे हैं। तार बांस और पेड़ों के सहारे लटक रहे हैं, जबकि कई जगहों पर टूटकर जमीन पर पड़े हैं। शनिवार को हुई बारिश के कारण पानी भर गया और करंट फैलने से भैंस उसकी चपेट में आ गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की शिकायत कई बार बिजली विभाग के जेई और एसडीओ से की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। समय रहते कार्रवाई होती तो यह हादसा टल सकता था।
पीड़ित कपिल देव यादव ने कहा कि उनकी आजीविका का मुख्य सहारा यही भैंस थी। विभाग की लापरवाही ने उनकी कमाई का साधन छीन लिया और परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा कर दिया।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि आज एक बेजुबान जानवर की जान गई है, कल कोई बच्चा या राहगीर भी करंट की चपेट में आ सकता है। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल बिजली के पोल लगाने, खुले तारों को दुरुस्त करने, पीड़ित को उचित मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, बिजली विभाग का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुआवजे और आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

Report by मौसम गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें