दुमका (Dumka): झारखण्ड के जिला दुमका मे प्रकृति, कृषि और संस्कृति के अद्भुत संगम का प्रतीक संताल समाज का पारंपरिक पर्व एरोक पूजा बुधवार को दुमका स्थित दिशोम जाहेर थान में श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। दिशोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू के नेतृत्व में तथा दिशोम नायकी बाबा सीताराम सोरेन द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर धरती की उर्वरता, बीजों के सफल अंकुरण और किसानों की खुशहाली की कामना की गई।
संताल परंपरा में एरोक पूजा खेती-किसानी की शुरुआत का शुभ संकेत माना जाता है। खेतों में बीज डालने से पहले मरांग बुरु, जाहेर आयो, मोड़ें कु और तुरुय कु सहित प्रकृति के आराध्य देवी-देवताओं का स्मरण कर उनसे अच्छी वर्षा, भरपूर फसल और प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा का आशीर्वाद मांगा जाता है। यही कारण है कि यह पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कृषि जीवन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का उत्सव भी है।
इस अवसर पर दिशोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू ने कहा कि संताल समाज की पहचान उसकी प्रकृति-आधारित संस्कृति और परंपराओं से है। एरोक पूजा उसी विरासत को जीवंत रखने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि संताल परगना के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक पंछी-लूंगी धारण कर पूजा में शामिल हुए और सामूहिक रूप से समृद्ध कृषि वर्ष की कामना की।
दिशोम जोगमांझी मोहन टुडू ने कहा कि विवाह और अन्य पारंपरिक अनुष्ठानों के संपन्न होने के बाद अब खेती का मौसम शुरू हो चुका है। एरोक पूजा किसानों को नई ऊर्जा और विश्वास प्रदान करती है। यह पूजा आने वाले कृषि सत्र के लिए शुभ संदेश लेकर आती है और किसानों को प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
पूजा के दौरान दिशोम जाहेर थान का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। पारंपरिक रीति-रिवाजों, सामूहिक प्रार्थनाओं और सांस्कृतिक आस्था के बीच श्रद्धालुओं ने धरती माता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। आयोजन ने एक बार फिर संताल समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकजुटता की झलक प्रस्तुत की।
इस मौके पर राम प्रसाद हांसदा, शिवकांत मुर्मू, शिव शंकर सोरेन, संदीप मुर्मू, प्रेम हांसदा, दीपक मरांडी, साहेबराम किस्कू, कैप्टन हेंब्रम, जोसेफ मरांडी, सुनील टुडू, सुखदेव मुर्मू, रमेश मुर्मू, वीरेंद्र टुडू, भोला मरांडी, अनूप हांसदा, सिमोन मरांडी, पुलकिल मरांडी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Report By मौशम कुमार गुप्ता








