वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka : बाबा बासुकीनाथ धाम में हाई अलर्ट! श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का डीसी अभिजीत सिन्हा ने किया मेगा निरीक्षण

दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के बासुकीनाथ मे राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचकर पूरे मेला क्षेत्र का मेगा निरीक्षण किया और अधिकारियों को साफ शब्दों में निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बेदिया, दर्शनिया टीकर, तारा मंदिर, रूट लाइन, शिवगंगा, टेंट सिटी और निर्माणाधीन टेंट अस्पताल का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को निर्बाध दर्शन और सुरक्षित जलार्पण कराना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
डीसी ने टेंट सिटी में 24×7 बिजली, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सीसीटीवी निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल, बैरिकेडिंग, मेडिकल टीम, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था और पूरे मेला क्षेत्र में लगातार साफ-सफाई बनाए रखने का आदेश भी दिया।
निर्माणाधीन टेंट अस्पताल का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने पर्याप्त डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, जीवनरक्षक दवाइयों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
उपायुक्त ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले हर व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद होनी चाहिए। लक्ष्य सिर्फ एक है—बाबा बासुकीनाथ धाम आने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और यादगार यात्रा का अनुभव लेकर लौटे।

Report By मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें