वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka गोटीडीह मोड़ पर फिर बहा खून, ट्रेलर-ट्रक की भीषण भिड़ंत में दो चालक गंभीर

दुमका: झारखण्ड के साहेबगंज-गोबिंदपुर स्टेट हाईवे पर स्थित गोटीडीह मोड़ एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना। शनिवार दोपहर ट्रेलर और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक केबिन में फंस गए।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या NL-01AK-1840 के चालक इब्राहिम अंसारी बांका (बिहार) से दुर्गापुर की ओर जा रहे थे। वहीं ट्रेलर संख्या RJ-14GG-5441 के चालक राकेश मेघवंशी चेन्नई से बुलडोजर लेकर दुमका आ रहे थे। गोटीडीह मोड़ के तीखे घुमाव पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों चालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

हादसों का ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है गोटीडीह मोड़

ग्रामीणों का कहना है कि गोटीडीह मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। पिछले वर्ष सितंबर में भी इसी स्थान पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 65 वर्षीय नरेश मरांडी की मौत हो गई थी। कई बार प्रशासन से चेतावनी बोर्ड, रंबल स्ट्रिप और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजतन यह मोड़ लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है।

Report By  मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें