वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Dumka मसलिया में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना नंबर की पिकअप से 16 बोटा अवैध लकड़ी जब्त

दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के मसलिया वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदे एक बिना नंबर के पिकअप वैन को जब्त किया है। वाहन से विभिन्न प्रजातियों की 16 गोल लकड़ियां (बोटा) बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम बड़ा चपूड़िया-पाटनपुर मुख्य मार्ग पर नियमित गश्ती अभियान चला रही थी। इसी दौरान सिदपहाड़ी मौजा के समीप एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर जांच की गई। वाहन पर कोई पंजीकरण संख्या नहीं होने के कारण टीम को संदेह हुआ और गहन जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान चालक से वाहन के आवश्यक कागजात और लकड़ी परिवहन से संबंधित वैध परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन की तलाशी लेने पर उसमें आम, सिरिस, गूलर और कटहल प्रजाति की 16 गोल लकड़ियां लदी मिलीं।

वनरक्षी अनुराग कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लकड़ी के अवैध परिवहन की पुष्टि हुई है। इसके बाद वन विभाग ने वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया तथा आगे की कार्रवाई के लिए हिजला पश्चिमी प्रक्षेत्र कार्यालय भेज दिया।

वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ियां कहां से काटी गई थीं और इन्हें किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

इस अभियान में वन विभाग के बासुकीनाथ चतुर्वेदी, अनुराग कुमार, दुलाल टुडू और अमिश कुमार साह शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा और अवैध कटाई-तस्करी पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

मामले की जांच जारी है।

Report by मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें