दुमका (Dumka): बंगाल सावन की पहली सोमवारी पर विश्व प्रसिद्ध बाबा बासुकिनाथ धाम आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में पूरी तरह रंग गया। बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में सुबह से ही हजारों शिवभक्तों और कांवरियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। 
आसाम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नेपाल सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा तट सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लाकर बाबा बासुकिनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को समाचार लिखे जाने तक करीब 40 हजार श्रद्धालु बाबा फौजदारीनाथ का गंगाजल से अभिषेक कर चुके थे। सुबह चार बजे से शाम पांच बजे तक मंदिर परिसर और शिवगंगा क्षेत्र श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
बंगला सावन की पहली सोमवारी पर बासुकिनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने मिनी सावन का नजारा पेश किया। पूरे दिन भक्ति, आस्था और शिव आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे शिवनगरी बासुकिनाथ पूरी तरह शिवमय नजर आई।
Report By मौशम कुमार गुप्ता








