दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के बासुकीनाथ मे प्रदोष व्रत के पावन अवसर पर रविवार को विश्वप्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम पूरी तरह शिवमय हो उठा। सुबह तड़के से ही देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब बाबा के दरबार में उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयघोष से गूंजता रहा।
अहले सुबह 4 बजे से शुरू हुआ जलार्पण का सिलसिला देर शाम तक बिना रुके जारी रहा। सुबह 7 बजे के बाद श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी, जिसके कारण साधारण दर्शन से लेकर शीघ्रदर्शनम (वीआईपी) कतार तक लंबी लाइनें लग गईं। बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु घंटों धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। कतारों को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग के साथ तीन-तीन लाइनें बनाई गईं और मंदिर के प्रवेश व निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।इसके बावजूद भारी भीड़ के कारण 300 रुपये का शीघ्रदर्शनम कूपन लेने वाले श्रद्धालुओं को भी लंबा इंतजार करना पड़ा।
श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह पूरे दिन चरम पर रहा। देर शाम तक बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा और जलार्पण का क्रम लगातार चलता रहा। प्रदोष व्रत के अवसर पर फौजदारी दरबार बासुकीनाथ एक बार फिर आस्था, भक्ति और शिवभक्तों के अद्भुत जनसैलाब का साक्षी बना।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








