पाकुड़ (Pakur): झारखण्ड के पाकुड़ जिले मे आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुहर्रम कमेटियों, अखाड़ा समितियों, शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात, जुलूस मार्ग, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
बैठक में समिति प्रतिनिधियों ने प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर गंभीरता से विचार करते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, जिला नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखने, नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई सुनिश्चित करने, ताजिया की ऊंचाई का पूर्व सत्यापन, स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी करने तथा जुलूस केवल निर्धारित मार्गों से निकालने के निर्देश दिए। साथ ही जानकारी दी कि मुहर्रम के दिन जिले की सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान ड्रोन से निगरानी की जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी रहेगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा नहीं करने, आपत्तिजनक गीत-संगीत का प्रयोग नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी तैनात रहेगी। 
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद प्रशासक, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं जिले के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Desk Report By IN TV








