पाकुड़: पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
उपायुक्त ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, एमटीसी सेंटर, लैब सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
डीसी ने मरीजों से लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान डीसी ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज की गुणवत्ता और उपलब्ध सेवाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को और बेहतर बनाए रखने, समय पर दवा उपलब्ध कराने और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही मरीजों के लिए पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
संवेदनशील व्यवहार पर जोर
डीसी ने सिविल सर्जन और अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले हर मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और सभी सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आमजन का विश्वास मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है।
Report by शमशेर अहमद








