साहिबगंज: भोगनाडीह की ऐतिहासिक धरती पर अमर वीर शहीद सिदो-कान्हु की जयंती के अवसर पर शनिवार को माननीय सांसद विजय हांसदा ने सिदो कान्हू के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान भव्य एवं गरिमामयी श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा और गौरव के भाव से सराबोर हो उठा।
समारोह के दौरान अतिथियों ने सिदो-कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक उत्साह, जनजातीय संस्कृति और वीरता की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने अपने महान नायकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर धनंजय सोरेन (माननीय विधायक, बोरियो), उपायुक्त साहिबगंज, पुलिस अधीक्षक साहिबगंज, सांसद प्रतिनिधि संजीव सामु हेंब्रम सहित कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में अमर वीरों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। 
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि संताल हूल विद्रोह केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय अस्मिता की ऐतिहासिक क्रांति थी। सिदो-कान्हु का संघर्ष आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ खड़े होने और अपने अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह के अंत में उपस्थित जनसमूह ने अमर वीरों के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में न्याय, समानता और भाईचारे को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। सिदो-कान्हु का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
Report by शमशेर अहमद








