वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

SIR अभियान की सफलता में जुटी भाजपा, दुमका में BLA-2 कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण

दुमका(Dumka): झारखण्ड के दुमका मे आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा दुमका जिला द्वारा भागलपुर रोड स्थित जिला कार्यालय में BLA-2 कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बूथ स्तर पर मतदाता सूची के सत्यापन और पुनरीक्षण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने की, जबकि संचालन गुंजन मरांडी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनील सोरेन मौजूद रहे।

अपने संबोधन में अमित मंडल ने कहा कि स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने BLA-2 कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित कराने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी एकत्र करने तथा त्रुटियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि SIR अभियान को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं की सजगता और जिम्मेदारी सबसे अहम होगी।

पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि BLA-2 कार्यकर्ता पार्टी और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर नए मतदाताओं को जोड़ने, मतदाता सूची का सत्यापन करने और निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला मजबूत संगठन है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूरी निष्ठा के साथ अभियान में भाग ले और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में योगदान दे। 

कार्यशाला में SIR अभियान के विभिन्न पहलुओं, मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा BLA-2 के दायित्वों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों, BLA-2 कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया

Report by मौशम कुमार गुप्ता 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें