दुमका (Dumka): झारखण्ड के दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मसलिया थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा गांव निवासी हीरालाल मिर्धा 45 साल की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हीरालाल मिर्धा किसी निजी कार्य से बाइक पर सवार होकर दुमका हवाई अड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि हीरालाल मिर्धा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना दुमका मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया। इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर कदम उठाने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Report by मौशम कुमार गुप्ता








